Dharamshala-हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को नया नेतृत्व मिल गया है। डॉक्टर्स डे के अवसर पर डॉ. राजेश शर्मा ने धर्मशाला स्थित मुख्यालय में बोर्ड अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया।
कार्यभार ग्रहण करते हुए डॉ. शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आशीर्वाद लेकर यह ज़िम्मेदारी स्वीकार की है। डॉक्टर होने के बावजूद वे शिक्षा प्रणाली को गहराई से समझने और विशेषज्ञों से विचार-विमर्श कर राज्य की शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे।
डॉ. शर्मा ने चिंता जताई कि प्रदेश में कई बच्चे अपनी कक्षा के स्तर के अनुरूप पढ़ने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री खुद इस विषय को लेकर गंभीर हैं। कक्षा पाँच के छात्र यदि दूसरी कक्षा की पुस्तक नहीं पढ़ पा रहे हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है। इसे सुधारना हमारी पहली प्राथमिकता होगी।”उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों की सफल शिक्षा नीतियों का अध्ययन कर उन्हें हिमाचल में लागू किया जाएगा। मीडिया और समाज से सहयोग की अपील करते हुए उन्होंने शिक्षा सुधार के लिए समर्पित कार्य की प्रतिबद्धता दोहराई।