करनाल, 27 फरवरी-:करनाल के स्टोन्डी गांव के नजदीक 24 फरवरी को नहर किनारे मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान टैक्सी चालक शाहरुख के रूप में हुई थी, जो दिल्ली से कैमला गांव के लिए बुक की गई कैब चला रहा था।
परिजनों के अनुसार, गंतव्य के पास पहुंचने के बाद शाहरुख का फोन लगातार बजता रहा, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की। शक होने पर परिवार और कैब मालिक ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद तलाश शुरू हुई और नहर किनारे उसका शव बरामद किया गया।
ऐसे हुई आरोपियों की गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर दो आरोपियों को दबोचा। मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ पिन्ना, निवासी कैमला (घरौंडा), को शिमला से गिरफ्तार किया गया। दूसरा आरोपी जतिन, निवासी गोहाना, को पानीपत से काबू किया गया
लूट की साजिश में की हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पहले से लूट की योजना बनाई थी। उन्होंने दिल्ली से ही कैब बुक की। कैमला गांव के पास पहुंचने पर आरोपियों ने कथित रूप से गला दबाकर शाहरुख की हत्या कर दी और शव को झानी गांव के पास नहर किनारे फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी टैक्सी लेकर फरार हो गए।
पुलिस का बयान
प्रेस वार्ता में डीएसपी राजीव ने बताया कि एक आरोपी को रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरे आरोपी का रिमांड लिया जाना बाकी है। पुलिस लूटी गई गाड़ी और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है।
आगे की कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
