शिमला,संजू -:जिला शिमला के पांच प्रमुख मंदिर ट्रस्टों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।इस संबंध में उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में वेबसाइट निर्माण कार्य की प्रगति का आकलन किया गया।उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी एजेंसी को निर्देश दिए कि सभी वेबसाइटों का निर्माण एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाए,ताकि इन्हें इसी माह श्रद्धालुओं के लिए लॉन्च किया जा सके।
बैठक में बताया गया कि नई वेबसाइटों का उद्देश्य मंदिर ट्रस्टों की सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और सुगम बनाना है। वेबसाइटों के माध्यम से श्रद्धालु मंदिरों का इतिहास,धार्मिक महत्व, पूजा-अर्चना का समय,प्रमुख धार्मिक आयोजनों की जानकारी, ऑनलाइन दान,आरती और विशेष पूजन की बुकिंग जैसी सुविधाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे।इसके साथ ही मंदिर ट्रस्टों की आय-व्यय संबंधी जानकारी,संपर्क विवरण,शिकायत एवं सुझाव पोर्टल और अन्य आवश्यक सूचनाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएंगी।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने निर्देश दिए कि वेबसाइटों का डिज़ाइन उपयोगकर्ता-अनुकूल हो तथा सभी जानकारियां हिंदी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं में उपलब्ध करवाई जाएं।उन्होंने साइबर सुरक्षा, नियमित अपडेट और सूचना की पारदर्शिता को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया,ताकि श्रद्धालुओं को विश्वसनीय और सुरक्षित डिजिटल सेवाएं मिल सकें।बैठक के दौरान जिला के पांचों मंदिर ट्रस्टों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई।उपायुक्त ने कहा कि सभी ट्रस्टों में रिक्त पदों के लिए विज्ञापन एक ही दिन जारी किया जाएगा।इसके लिए मंदिर अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं इसी सप्ताह पूरी करने के निर्देश दिए गए,ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से शुरू की जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और मंदिर ट्रस्टों के प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता तथा दक्षता भी बढ़ेगी।उन्होंने संबंधित विभागों को तय समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक में संबंधित मंदिर ट्रस्टों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।वहीं,एसडीएम शिमला ग्रामीण मंजीत शर्मा,अन्य प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी एजेंसी के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
