Haryana,21 August-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यमुना नदी की सफाई और उसे प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए हरियाणा और दिल्ली सरकार मिलकर एक्शन प्लान तैयार कर रही हैं। इसके लिए एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जो नदी की स्वच्छता और अन्य संबंधित मुद्दों पर काम करेगी।
नई दिल्ली में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यमुना नदी को मां गंगा की तर्ज पर निर्मल और अविरल बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि यमुना नदी में गिरने वाले नालों के गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से शुद्ध कर नदी में छोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक यमुना की सफाई के तहत 16 हजार मीट्रिक टन कचरा निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार निर्धारित लक्ष्य के तहत यमुना को स्वच्छ बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि फरीदाबाद के ओखला में यमुना के पानी की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हरियाणा में अब तक 44 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से 620 एमएलडी पानी शुद्ध किया जा रहा है और 9 नए प्लांट तैयार हो रहे हैं, जिनसे और 510 एमएलडी पानी साफ होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण और पानी की कोई सीमाएं नहीं होतीं। दिल्ली और हरियाणा को मिलकर प्रयास करना होगा ताकि यमुना को पूर्ण रूप से साफ किया जा सके। उन्होंने बताया कि नजफगढ़ झील व ड्रेन की मॉनिटरिंग भी दोनों राज्यों के प्रतिनिधियों व विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। साथ ही, हरियाणा के उद्योगों से निकलने वाले दूषित पानी की भी जांच होगी।मुख्यमंत्री ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।