Shimla,1 October -राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। राजधानी शिमला में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रिज मैदान पर दोनों महान विभूतियों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आज के दिन देश को दो महान हस्तियां मिलीं – महात्मा गांधी जिन्होंने सत्य और अहिंसा से स्वतंत्रता दिलाई, और लाल बहादुर शास्त्री जिन्होंने ‘जय जवान जय किसान’का नारा देकर आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि दशहरा बुराइयों के अंत का प्रतीक है और समाज को नशे जैसी बुराइयों से भी मुक्त करना हमारी जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि गांधीजी का जीवन सादगी और त्याग का प्रतीक था। उन्होंने अहिंसा और सत्य के मार्ग पर चलकर देश को आजादी दिलाई। वहीं शास्त्रीजी ने संकट की घड़ी में देश को आत्मनिर्भर बनाने की राह दिखाई। सीएम ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रदेश में सख्त कानून बनाए गए हैं और इसे समाप्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा।इससे पहले, जिला प्रशासन की ओर से गांधी जयंती पर प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जो सीटीओ से लोअर बाजार होते हुए रिज तक निकाली गई।नेताओं ने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं भी दीं और संदेश दिया कि आज के दिन अच्छाई को अपनाने और बुराइयों को त्यागने का संकल्प लेना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।