Shimla,4 October-हिमाचल कांग्रेस ने शनिवार को शिमला स्थित राजीव भवन से “वोट चोर, गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान का आगाज़ किया।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अभियान की शुरुआत की।कांग्रेस का लक्ष्य है कि राज्य के सभी जिलों से एक लाख हस्ताक्षर जुटाकर 15 अक्टूबर से पहले आलाकमान को सौंपे जाएं।
अभियान को लेकर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह,उपमुख्यमंत्री और अभियान संयोजक मुकेश अग्निहोत्री मौजूद रहे।वहीं,हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए भाग लिया।कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि 68 विधानसभा क्षेत्रों से हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे और 13 अक्टूबर को इन्हें प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपा जाएगा।प्रियंका गांधी उस दिन शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शिरकत करने आ रही हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा ने मतदाता सूचियों में गड़बड़ी कर चुनाव परिणाम प्रभावित किए।राहुल गांधी ने इस पर साक्ष्य भी प्रस्तुत किए हैं।इसी के चलते कांग्रेस ने यह अभियान छेड़ा है।उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी जिलों में प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।साथ ही,राजीव भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा ताकि डुप्लीकेट हस्ताक्षरों से बचा जा सके।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि लोकतंत्र में वोट चोरी जैसी प्रवृत्ति बेहद चिंताजनक है।बूथ स्तर पर मतदाता सूची में गड़बड़ी से लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल से शुरू हुआ यह अभियान राष्ट्रीय स्तर तक ले जाया जाएगा।