राहुल चावला , धर्मशाला ( TSN)-जिला कांगड़ा के अब तक 100 के करीब लोग एसपी कांगड़ा से सीधा संवाद करके अपनी समस्याएं व शिकायतें बता चुके हैं। इन लोगों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुडक़र अपनी शिकायतों को एसपी के समक्ष रख चुके हैं। दूरदराज के लोगों की सुविधा के लिए जिला पुलिस की ओर से एसपी को बोलो कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। कार्यक्रम के तहत शुक्रवार व शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय तय किया गया है।
गौरतलब है कि जिला के दूरदराज के लोगों के पुलिस से संबंधित कई मसले होते हैं, जिनके संबंध में उन्हें जानकारी नहीं मिल पाती। जिसके चलते उन्हें जिला पुलिस मुख्यालय आना पड़ता है, जो कि जिससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं, इसलिए ऐसे लोग अपने नजदीकी थाना या चौकी के माध्यम से एसपी से बात कर अपनी समस्या बता सकें, उसी के चलते यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।
लोगों को लौटना पड़ता था वापिस
कई बार लोग दूरदराज क्षेत्रों से एसपी कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन एसपी के न मिलने के चलते उन्हें वापिस लौटना पड़ता है। कई बार एसपी के कहीं विजिट पर होने के चलते उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। कई लोगों को लगता है कि वह लंबा सफर तय करके धर्मशाला नहीं पहुंच सकते, ऐसे लोग भी एसपी को बोलो कार्यक्रम के तहत एसपी से बात कर सकते हैं। गौरतलब है कि एसपी को बोलो कार्यक्रम के तहत घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद सहित अन्य मामले सीधे तौर पर पहुंच रहे हैं।
एसपी को बोलो कार्यक्रम के तहत अब तक सौ लोग सीधे तौर पर मुझसे बात करके अपनी समस्याएं व शिकायतें बता चुके हैं। लोगों की सुविधा के लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है तथा इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। विभिन्न मामलों को लेकर एसपी को बोलो कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं।
