Ambala,4 September-अंबाला छावनी के इंडस्ट्रीयल एरिया में 7 फुट तक पानी भर चुका है,जिससे व्यापारी वर्ग में हड़कंप मच गया है। 2023 की भीषण बाढ़ को झेले अभी दो साल भी पूरे नहीं हुए थे कि एक बार फिर व्यापारियों का सारा सामान बाढ़ के पानी की भेंट चढ़ गया। पिछले दो सालों में प्रशासन ने कई इंतजाम किए थे,लेकिन कुदरत की मार के आगे कोई उपाय काम नहीं आया और व्यापारियों का करोड़ों का नुकसान हो गया।
यह तस्वीर अंबाला छावनी के इंडस्ट्रीयल एरिया की है,जिसे देखकर आप हैरान रह जाएंगे। पूरा इलाका नदी में तब्दील हो चुका है और कारोबारी अपनी बर्बादी पर आंसू बहा रहे हैं। 2023 की बाढ़ के नुकसान से व्यापारी अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए थे कि फिर से उनका सब कुछ पानी में डूब गया।प्रशासन ने इस बार बांध और ऊँची सड़कें बनाकर इंडस्ट्रियल एरिया को बचाने की कोशिश जरूर की थी, लेकिन इस बार कुदरत की मार इतनी भारी पड़ी कि सब बेकार हो गया। व्यापारी भी मानते हैं कि इंतजाम तो थे लेकिन बाढ़ ने उन्हें फिर से जीरो से शुरुआत करने पर मजबूर कर दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे पुलिस कर्मियों के मुताबिक इलाके में पानी 10 से 12 फीट तक भर गया था। कई मकानों का ग्राउंड फ्लोर पूरी तरह डूब गया और लोग मजबूरन छतों पर शरण लेने लगे। रेस्क्यू टीमों ने लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। डर का आलम यह था कि लोग छतों से उतरने को तैयार ही नहीं थे।
