राहुल चावला,धर्मशाला(TSN)-हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड पुनर्मूल्यांकन परिणाम छात्र के संबंधित स्कूल की लॉगइन ऑईडी पर अपलोड करेगा।साथ ही एग्जाम फोर्म में भी सर्च का ऑप्शन भी डाला जाएगा।यही नहीं एसओएस की मार्कशीट भी रिजल्ट के साथ ही जारी की जाएगी।बोर्ड कक्षाओं में प्रश्नपत्रों की सीरिज अलग-अलग होने के साथ प्रश्न भी अलग होते हैं,ऐसी व्यवस्था की जाए कि सभी सीरिज में प्रश्न एक जैसे हों, भले ही उनके स्थान बदल दिए जाएं। यह निर्णय सोमवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड प्रशासन और हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ (एचजीटीयू) की बोर्ड मुख्यालय धर्मशाला में आयोजित बैठक में लिया गया।
एचजीटीयू प्रदेशाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने धर्मशाला में प्रेसवार्ता में बताया कि बैठक में बोर्ड चेयरमैन हेमराज बैरवा,बोर्ड सचिव डा.मेजर विशाल शर्मा सहित एचजीटीयू के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।वीरेंद्र चौहान ने बताया कि एचजीटीयू द्वारा विभिन्न 32 बिंदु बोर्ड के समक्ष रखे गए थे,जिन पर बैठक में चर्चा हुई। कोई छात्र पुनर्मूल्यांकन करवाता था तो उसका परिणाम टीचर के पास न आने से टीचर अपनी एकैडमिक परफार्मेंस नहीं दिखा पाता था,जिसके चलते बैठक में बोर्ड की ओर से कहा गया है कि पुनर्मूल्यांकन परिणाम संबंधित स्कूल के लॉगइन ऑडी पर डाला जाएगा। इसके अलावा बोर्ड एग्जाम में जो थ्यूरी हटाई गई है,उसे प्रेक्टिकल से भी हटाने की बात कही गई। बच्चों का नाम ढूंढने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए एग्जाम फोर्म में सर्च ऑप्शन भी शामिल करने की बात कही गई है।
बेसिक और स्टैंडर्ड गणित को अपनाने की कही गई बात
वीरेंद्र चौहान ने कहा कि बच्चों में दसवीं में गणित का फोबिया रहता है,ऐसे में सीबीएसई की तर्ज पर बेसिक और स्टैंडर्ड गणित को अपनाने की बात बैठक में एजीटीयू ने कही है।बोर्ड की ओर से दी जाने वाली किताबों को स्कूलों तक पहुंचाने के लिए बजट की व्यवस्था की जाए,क्योंकि जहां से शिक्षक किताबें उठाते हैं,उन्हें स्कूल तक ले जाने के लिए पैसे नहीं दिए जाते।प्रेक्टिकल परीक्षा के लिए संबंधित स्कूल के बजाय टीचर अन्य स्कूलों से लगाए जाएं।
शिक्षा विभाग की तर्ज पर शिक्षा बोर्ड का वार्षिक कैलेंडर किया जाए तैयार
निजी स्कूलों के परीक्षा केंद्रों में सुपरीटेंडेंट और डिप्टी सुपरीटेंडेंट सरकारी स्कूलों से लगाए जाएं,जिससे सरकारी व निजी स्कूलों एकरूपता बनी रहे। बोर्ड परीक्षाओं के लिए गठित किए जाने वाले फ्लाइंग स्क्वायड में आब्जर्वर प्रिंसिपल रैंक से नीचे का न हो,साथ ही दो फ्लाइंग स्क्वायड एक सेंटर में एक दिन न जाएं।परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा की उचित व्यवस्था की जाए।एजीटीयू ने बोर्ड से कहा कि पिछले पांच साल के प्रश्नपत्र बोर्ड वेबसाइट पर अपलोड किए जाएं, जिससे कि परीक्षार्थी उन प्रश्नपत्रों के माध्यम से वार्षिक परीक्षा की तैयारी कर सकें।शिक्षा विभाग की तर्ज पर शिक्षा बोर्ड का वार्षिक कैलेंडर तैयार किया जाए।
