Shimla,Sanju(TSN)-तुर्की द्वारा पाकिस्तान को सैन्य ड्रोन आपूर्ति करने और भारत की आतंकरोधी नीति की आलोचना करने के बाद देशभर में ‘बॉयकॉट तुर्की’अभियान तेज हो गया है।इसी क्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता व विधायक कुलदीप राठौर ने तुर्की से सेब के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और हिमाचल में तुर्की कंपनी द्वारा किए जा रहे सैटलाइट सर्वे को तुरंत रोकने की मांग की है।
तुर्की से आयात पर सख्ती की मांग तेज
कुलदीप राठौर ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि तुर्की की नीतियों और भारत विरोधी रुख को देखते हुए उसके साथ सभी प्रकार के व्यापारिक संबंध समाप्त किए जाएं।उन्होंने कहा कि देश के व्यापारी,विशेषकर हिमाचल के सेब उत्पादक,तुर्की से सेब आयात के विरोध में हैं।तुर्की से सेब का आयात न सिर्फ घरेलू उत्पादकों को नुकसान पहुंचाता है,बल्कि इसके पीछे हवाला के जरिए संदिग्ध लेन-देन की भी आशंका है।उन्होंने यह भी दावा किया कि हवाला के जरिए किए गए इन भुगतानों का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों में हो सकता है। इससे पहले भी इस प्रकार की शंकाएं जताई जा चुकी हैं। ऐसे में तुर्की से व्यापार को पूरी तरह समाप्त करना देशहित में जरूरी है।
सुरक्षा से जुड़ी चिंता:
राठौर ने बिलासपुर-मनाली-लेह रेललाइन के सैटलाइट सर्वे को लेकर भी चिंता जताई।यह सर्वे तुर्की की एक कंपनी द्वारा किया जा रहा है,जबकि यह क्षेत्र सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है और लेह के आगे चीन की सीमा आरंभ होती है।उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी तुर्की के हाथों में जाना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।ऐसे में इस कंपनी को तुरंत प्रोजेक्ट से हटाया जाना चाहिए।कुलदीप राठौर ने कहा कि व्यापार और देश की सुरक्षा एक साथ नहीं चल सकती। जब तुर्की भारत विरोधी रुख अपनाता है,तो उसके साथ व्यापारिक संबंध भी समाप्त होने चाहिए।”
