टांडा उड़मुड़ | जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर हरसी गांव मोड़ के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर और टिप्पर की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब जालंधर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे टिप्पर ने सामने से आ रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया और उसके सवार गामा (निवासी कोटली), सफी (निवासी गज्जा गिल्ला), और अमु (निवासी हरसी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान गामा ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मौके से टिप्पर और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
