चम्बा,मंजूर पठान-:चम्बा जिले के तुनुहट्टी-ककिरा मार्ग पर भारी बारिश के बीच एक बाइक सवार की जान उस समय खतरे में पड़ गई,जब सड़क पर अचानक तेज पानी का बहाव आ गया। बाइक सवार पानी के तेज बहाव में पैरापिट के पास फंस गया और उसके बह जाने का खतरा पैदा हो गया।इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक परिवार ने साहस और तत्परता दिखाते हुए उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक,क्षेत्र में हुई तेज बारिश के कारण तुनुहट्टी-ककिरा सड़क पर कई स्थानों पर पानी का बहाव काफी बढ़ गया था। पानी इतनी तेजी से सड़क से गुजर रहा था कि वाहन चालकों के लिए आगे बढ़ना जोखिम भरा हो गया था।इसी दौरान ककिरा से तुनुहट्टी की ओर जा रहा एक परिवार सड़क की स्थिति का वीडियो बना रहा था।आगे पहुंचने पर परिवार की नजर एक बाइक सवार पर पड़ी, जो तेज बहाव के बीच अपनी मोटरसाइकिल समेत फंसा हुआ था। वह पैरापिट के समीप किसी तरह खुद को संभाले हुए था। पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा था,जिससे उसके नाले में गिरने की आशंका बनी हुई थी।हालात को देखते हुए परिवार ने तुरंत वाहन रोक दिया और बाइक सवार की मदद के लिए आगे आया। परिवार की महिलाओं ने अपने दुपट्टे उतारकर उन्हें आपस में गांठ लगाकर एक लंबी रस्सी जैसा बनाया। इसके बाद उसे बाइक सवार की ओर बढ़ाया गया।परिवार के सदस्यों ने काफी प्रयास के बाद उसे सहारा देकर सुरक्षित स्थान तक खींच लिया।रेस्क्यू के बाद बाइक सवार को परिवार ने अपनी गाड़ी में बैठाया। समय रहते मिली मदद से उसकी जान बच गई। इस साहसिक प्रयास का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।लोग परिवार की बहादुरी,सूझबूझ और इंसानियत की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
