शिमला,संजू-:हिमाचल प्रदेश की सियासत में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को भविष्य के मुख्यमंत्री के तौर पर देखने वाले बयानों के बीच अब उनकी प्रतिक्रिया भी चर्चा का विषय बन गई है।शिमला में जब उनसे रजनीश किमटा के बयान को लेकर सवाल किया गया,तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि ये किमटा के मन के भाव हैं और वह फिलहाल जहां हैं,वहां खुश हैं।हालांकि,उन्होंने यह भी कहा कि अभी लंबा सफर तय करना बाकी है और इस दौरान कई उतार-चढ़ाव आएंगे।
दरअसल,चौपाल दौरे के दौरान पूर्व संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने मंच से विक्रमादित्य सिंह को भविष्य का मुख्यमंत्री बताते हुए अपनी बात रखी थी।इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गईं।अब विक्रमादित्य सिंह ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई दावा करने के बजाय अपने काम और प्रदेश के विकास पर ध्यान देने की बात कही है।उनके जवाब देने के अंदाज को राजनीतिक हलकों में कई मायनों में देखा जा रहा है।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजनीति में आगे बढ़ने के लिए समय और परिस्थितियां अहम होती हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि वह लगातार प्रदेश के हित में काम कर रहे हैं।साथ ही,उन्होंने अपने विभागों के कामकाज का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में उनके अधीन दो विभागों के लिए केंद्र सरकार से 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता लाई गई है।उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनके लिए जनता की सेवा करने का मंच महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री पद से जुड़े सवाल पर उनकी मुस्कान और संतुलित प्रतिक्रिया ने सियासी चर्चाओं को जरूर हवा दी है। फिलहाल विक्रमादित्य सिंह ने भविष्य की राजनीति पर कोई स्पष्ट दावा नहीं किया,लेकिन उनके बयान ने हिमाचल की राजनीति में संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
