राकेश कुमार शर्मा/करनाल:-करनाल के जाट भवन में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) भारत की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में किसान आंदोलन की आगामी रणनीति और 26 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। बैठक में किसान नेता राकेश टिकैत, जोगिंदर सिंह उगराहां समेत विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।
बैठक में हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में धान खरीद से जुड़ी समस्याओं के साथ किसानों के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की जा रही है।
26 नवंबर के आंदोलन की तैयारी पर जोर
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि 26 नवंबर के आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि बैठक में किसान संगठनों के बीच विचार-विमर्श के बाद आगामी कार्यक्रमों को लेकर निर्णय लिया जाएगा।टिकैत ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ पुलिस की कथित मारपीट का मुद्दा भी उठाया।उन्होंने कहा कि किसान संगठन छात्रों के समर्थन में खड़ा है।इस मामले में उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर सवाल खड़े किए।
धान खरीद को लेकर हरियाणा सरकार पर लगाए आरोप
हरियाणा में धान खरीद की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को मंडियों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उनके अनुसार,किसानों की फसल की उचित खरीद नहीं हो पा रही है,जिससे उन्हें दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।टिकैत ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश से धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और ट्रक कथित तौर पर 2,000 से 5,000 रुपये तक लेकर हरियाणा भेजे जा रहे हैं।उन्होंने दावा किया कि धान को कम कीमत पर खरीदकर हरियाणा में भेजने का मामला सामने आ रहा है।उन्होंने इसे खरीद व्यवस्था में गड़बड़ी से जोड़ते हुए जांच की जरूरत पर सवाल उठाए।
पंजाब में धान खरीद व्यवस्था पर भी चर्चा
राकेश टिकैत ने पंजाब में भी धान खरीद की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि धान खरीद से संबंधित समस्याएं केवल हरियाणा तक सीमित नहीं हैं,बल्कि पंजाब में भी किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
