मंडी,धर्मवीर-:अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता भावना ठाकुर का सोमवार को छोटी काशी मंडी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।ऐतिहासिक सेरी मंच पर जिला कबड्डी संघ की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में पटाखे फोड़कर उनका भव्य अभिनंदन किया गया।भावना ठाकुर की इस उपलब्धि से मंडी जिला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है।इस दौरान खेल प्रेमियों,कबड्डी संघ के सदस्यों और परिजनों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
14 साल बाद साकार हुआ गोल्ड मेडल जीतने का सपना
मीडिया से बातचीत के दौरान भावना ठाकुर ने कहा कि एशियन गेम्स में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना हर कबड्डी खिलाड़ी का सपना होता है।उनका यह सपना 14 साल बाद साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना उनके लिए गर्व और खुशी का पल है।भारतीय कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश को स्वर्ण पदक दिलाया,जिसमें भावना ठाकुर ने भी अहम योगदान दिया।
भावना ने अपने खेल सफर के मुश्किल दौर को याद करते हुए बताया कि लॉकडाउन के दौरान अभ्यास और तैयारियां प्रभावित होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। वह समय उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण रहा।इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार मेहनत जारी रखी। आज अपनी उपलब्धि पर उन्हें बेहद खुशी है।उन्होंने कहा कि भविष्य में वह साउथ एशियन गेम्स और इंडोर टूर्नामेंट में भी देश का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। इसके लिए उन्होंने अभी से अभ्यास शुरू कर दिया है और अपनी फिटनेस व खेल कौशल को बेहतर बनाने में जुटी हैं।
खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार का आभार
इस अवसर पर जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है।उन्होंने इस घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया है। इससे खिलाड़ियों को भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
मंडी की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का मान
जिला कबड्डी संघ के प्रधान श्याम लाल ठाकुर ने भावना ठाकुर को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडी की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सीमित सरकारी सहायता के बावजूद हिमाचल के खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।श्याम लाल ठाकुर ने उम्मीद जताई कि जिला कबड्डी संघ भविष्य में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास जारी रखेगा, ताकि मंडी और हिमाचल प्रदेश से और खिलाड़ी निकलकर देश का नाम रोशन कर सकें।
