मंडी,धर्मवीर-:हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग और जंजैहली मंडल में आयोजित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा निशाना साधा।उन्होंने राहुल गांधी पर गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए उन्हें साथ लेकर चलना मजबूरी हो सकती है,लेकिन देश के लिए नहीं।बैठक में संगठन की मजबूती,आगामी चुनावों की तैयारियों और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई।
पंचायत चुनावों के प्रदर्शन से भाजपा उत्साहित
जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करने से नई ऊर्जा मिलती है।उन्होंने पंचायत चुनावों में भाजपा का समर्थन करने के लिए कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों का आभार जताया।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता जनसेवा के संकल्प को मजबूत करती है।पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में मिले समर्थन से 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत की जमीन तैयार हुई है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने और रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश में अगली सरकार भाजपा की बनेगी और विकास के रुके हुए कार्यों को गति मिलेगी।
राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने उनके व्यवहार को गैर-जिम्मेदाराना करार दिया।उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की गतिविधियों से देश की छवि प्रभावित हुई है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से जुड़े एक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए दावा किया कि देश में ऐसी अराजकता लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राहुल गांधी के नेतृत्व और उनकी राजनीतिक शैली के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है। उनके अनुसार,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरी बार देश का नेतृत्व करने से विपक्ष असहज है और राहुल गांधी चुनावी प्रक्रिया के बजाय हंगामे के जरिए सत्ता हासिल करना चाहते हैं।जयराम ठाकुर ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस लगातार चुनावी असफलताओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दल देश के 22 राज्यों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से सरकार चला रहे हैं,जबकि कांग्रेस जनता का विश्वास हासिल करने में विफल रही है। उन्होंने भविष्य में भी भाजपा के बेहतर प्रदर्शन का दावा किया।
सुक्खू सरकार को विकास पर ध्यान देने की सलाह
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उन्हें राहुल गांधी के लिए अपना समय खर्च करने के बजाय हिमाचल प्रदेश के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों और कांग्रेस की रैलियों में भागीदारी को लेकर सवाल उठाए।उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बार-बार दिल्ली जा रहे हैं और प्रदेश के जरूरी मुद्दों की अनदेखी कर रहे हैं।जयराम ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी की चिंता है,जिसके चलते वे कांग्रेस नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं।
अर्थव्यवस्था और विकसित भारत के लक्ष्य का किया जिक्र
देश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक चुनौतियों के बीच तेजी से आगे बढ़ रहा है।उन्होंने भारत की आर्थिक विकास दर का जिक्र करते हुए दावा किया कि देश प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से विकास करने वाले देशों में शामिल है।उन्होंने कहा कि मजबूत आर्थिक आधार,निरंतर सुधार और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयास विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया।
