शिमला/संजू -:हिमाचल प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं।आम आदमी पार्टी ने भी प्रदेश में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए संगठन को मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है।इसी कड़ी में शिमला में पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय का उद्घाटन किया गया।इस दौरान AAP के प्रदेश प्रभारी ऋतुराज झा ने कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए दोनों दलों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आम आदमी पार्टी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है।साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल अगले महीने शिमला पहुंचेंगे।इस दौरान संगठन के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर अहम घोषणाएं होने की भी संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में चुनावी माहौल बनने से पहले ही आम आदमी पार्टी ने अपनी सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं।शिमला में पार्टी के नए प्रदेश कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर प्रदेश प्रभारी ऋतुराज झा ने कांग्रेस और भाजपा को निशाने पर लिया।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का सिलसिला तो चलता रहा है,लेकिन जनता की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।ऋतुराज झा ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं को आर्थिक सहायता, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, युवाओं को रोजगार और मुफ्त बस यात्रा जैसे वादे किए गए थे, लेकिन सरकार उन्हें पूरा करने में विफल रही है।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की गारंटियों की नकल करना आसान है, लेकिन उन्हें लागू करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और बेहतर कार्यप्रणाली की जरूरत होती है।
AAP नेता ने पंजाब का उदाहरण देते हुए दावा किया कि वहां पार्टी की सरकार शिक्षा,रोजगार और जनकल्याण के क्षेत्र में काम कर रही है।उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पंजाब में बदलाव संभव है,तो हिमाचल प्रदेश में ऐसा क्यों नहीं हो सकता? उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर प्रदेश की राजनीति में एक-दूसरे का विकल्प बने रहने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरने का आरोप भी लगाया।वहीं,पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर ऋतुराज झा ने बताया कि शिमला के बाद धर्मशाला,मंडी और हमीरपुर में भी पार्टी कार्यालय स्थापित करने की योजना है।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सदस्यता अभियान के तहत 20 हजार से अधिक लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ चुके हैं।इसके अलावा,पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को जोड़ने पर भी काम कर रही है।
इस दौरान ऋतुराज झा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार को लेकर भी सवाल उठाए और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए।उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी विधानसभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश में मजबूती से मैदान में उतरेगी।उन्होंने यह भी घोषणा की कि पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल अगले महीने शिमला का दौरा करेंगे। इस दौरान पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होगी और नए नेताओं के पार्टी में शामिल होने का दावा भी किया गया। ऋतुराज झा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया,तो पार्टी आगामी शीतकालीन सत्र के दौरान आंदोलन करेगी।महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए ऋतुराज झा ने कहा कि आम आदमी पार्टी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में है।उन्होंने दावा किया कि पार्टी महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिए प्रतिबद्ध है।साथ ही संकेत दिया कि अरविंद केजरीवाल के हिमाचल दौरे के दौरान इस मुद्दे पर भी अहम घोषणाएं की जा सकती हैं।अब देखना होगा कि आम आदमी पार्टी का यह संगठनात्मक विस्तार आगामी विधानसभा चुनावों में कितना असर दिखाता है और प्रदेश की सियासत में पार्टी अपनी कितनी मजबूत जगह बना पाती है।
