चंडीगढ़-:हरियाणा को वैश्विक निवेश और औद्योगिक सहयोग का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार प्रयासरत हैं।इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात की।बैठक में भारत-स्वीडन संबंधों को नई मजबूती देने के साथ-साथ हरियाणा में निवेश,कौशल विकास,शिक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
स्वीडन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा के साथ अहम बैठक की।इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य भारत और स्वीडन के बीच मजबूत होते संबंधों को आगे बढ़ाना और हरियाणा के लिए निवेश एवं विकास के नए अवसर तलाशना रहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत और स्वीडन के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है।केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की स्वीडन के साथ हुई बैठकों और प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने भारत और स्वीडन के बीच रणनीतिक साझेदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों देशों ने आने वाले पांच वर्षों में आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।ऐसे में हरियाणा के लिए भी स्वीडिश कंपनियों के साथ साझेदारी बढ़ाने के नए अवसर खुल सकते हैं।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिक्षा,स्किल डेवलपमेंट और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।उन्होंने हरियाणा में मौजूद 18 ड्राई पोर्ट्स का जिक्र करते हुए कहा कि लॉजिस्टिक्स और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए स्वीडन के साथ मिलकर काम करने की संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।
वहीं,स्वीडन के मंत्री बेंजामिन दौसा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और हरियाणा के साथ भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें हरियाणा में आयोजित होने वाले ‘हैपनिंग हरियाणा’ समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।
