मंडी,धर्मवीर-:हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में हुई एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है।यहां की बेटी नेहा को अपना जीवनसाथी बनाने के लिए इंग्लैंड का रहने वाला थॉमस सात समंदर पार कर बारात लेकर पहुंचा। करसोग की खूबसूरत वादियों में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों और पारंपरिक पहाड़ी परंपराओं के अनुसार विवाह रचाया।जानकारी के अनुसार मंडी जिले के करसोग के कुट्टी क्षेत्र की रहने वाली नेहा और इंग्लैंड निवासी थॉमस की मुलाकात जर्मनी में हुई थी।दोनों वहां नौकरी करते थे। साथ काम करने के दौरान पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आए और जीवनभर साथ निभाने का फैसला कर लिया।
अपने रिश्ते को शादी के मुकाम तक पहुंचाने के लिए दोनों ने अपने परिवारों की सहमति से विवाह की तैयारियां शुरू कीं। इसके बाद थॉमस अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ इंग्लैंड से बारात लेकर नेहा के पैतृक गांव करसोग पहुंचा। यहां दुल्हन पक्ष के परिजनों और रिश्तेदारों ने पारंपरिक पहाड़ी अंदाज में बारात का गर्मजोशी से स्वागत किया।विवाह समारोह में हिमाचली संस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली। हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विवाह की सभी रस्में निभाई गईं और नेहा-थॉमस सात फेरों के साथ शादी के पवित्र बंधन में बंध गए।इस शादी का एक खास आकर्षण इंग्लैंड से पहुंचे विदेशी बाराती भी रहे। विदेशी मेहमानों ने हिमाचली खानपान, पहाड़ी संस्कृति, पारंपरिक रस्मों और स्थानीय परंपराओं का खूब आनंद लिया। वहीं, स्थानीय लोगों के लिए भी विदेशी मेहमानों के साथ खुशियां साझा करने का यह यादगार अवसर रहा।नेहा और थॉमस की यह शादी दो दिलों के मिलन के साथ दो अलग-अलग संस्कृतियों के खूबसूरत संगम की मिसाल बन गई है।
