राहुल चावला,धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश की पहचान और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान रखने वाली कांगड़ा चाय के उत्पादन में इस साल उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।अनुकूल मौसम और बेहतर बारिश के चलते चाय उत्पादन में पिछले साल के मुकाबले 18 हजार किलो का इजाफा हुआ है।इस वर्ष कांगड़ा चाय का कुल उत्पादन बढ़कर 1 लाख 55 हजार किलो तक पहुंच गया है।हालांकि,उत्पादन के मोर्चे पर मिली इस सफलता के बावजूद अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां चाय उद्योग के लिए चुनौती बनी हुई हैं।ईरान में युद्ध के हालात के चलते निर्यात कारोबार प्रभावित हुआ है और बाजार में चाय की कीमतों में भी 9 से 10 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है।
धर्मशाला टी कंपनी के प्रोडक्शन मैनेजर सुजीत राय के अनुसार इस वर्ष कंपनी में 1 लाख 55 हजार किलो चाय का उत्पादन हुआ है,जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 हजार किलो अधिक है। उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल रहने से इस बार चाय की पैदावार के साथ गुणवत्ता भी बेहतर रही है।चाय उत्पादन में बारिश की अहम भूमिका होती है।विशेषकर अप्रैल महीने में निकलने वाली पहली पत्ती चाय की गुणवत्ता और बाजार में मिलने वाली औसत कीमत तय करने में महत्वपूर्ण रहती है। शुरुआती दौर में पर्याप्त बारिश न होने से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकते हैं।
फ्रांस और जर्मनी में कांगड़ा चाय की विशेष मांग
कांगड़ा चाय के कुल उत्पादन का करीब 10 प्रतिशत हिस्सा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात किया जाता है।विदेशों में इसकी प्रीमियम किस्मों की सबसे अधिक मांग फ्रांस और जर्मनी में है। इसके अलावा अमेरिका और कनाडा जैसे देशों में भी कांगड़ा चाय के खरीदार मौजूद हैं।कंपनी की ओर से निर्यात का दायरा बढ़ाने के लिए नए बाजारों में संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।जर्मनी में कुछ नए खरीदारों के साथ बातचीत जारी है,जबकि अमेरिका सहित अन्य देशों में भी नए ग्राहक तलाशे जा रहे हैं।
धर्मशाला में चाय की कई विशेष किस्में तैयार की जाती हैं।इनमें ब्लैक टी,ग्रीन टी,हैंड रोल्ड ऊलोंग,पैन रोस्टेड ग्रीन टी,व्हाइट टी, व्हाइट पियोनी,स्मोक्ड और फ्लेवर्ड टी शामिल हैं।कंपनी की ओर से सात से आठ श्रेणियों में चाय का उत्पादन किया जाता है,जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अलग-अलग पसंद रखने वाले ग्राहकों की मांग पूरी की जा सके।
कोलकाता और अमृतसर में होती है चाय की नीलामी
चाय की बिक्री और विपणन के लिए अलग-अलग नीलामी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।ब्लैक टी की नीलामी का प्रमुख केंद्र कोलकाता है।इसके अलावा गुवाहाटी और सिलीगुड़ी में भी चाय की नीलामी होती है।वहीं,ग्रीन टी की नीलामी के लिए अमृतसर प्रमुख केंद्र है।इन बाजारों के माध्यम से उत्पादकों को अपनी चाय बेचने और बेहतर कीमत हासिल करने का अवसर मिलता है।
युद्ध के हालात से 9 से 10 रुपये तक गिरी कीमत
उत्पादन में बढ़ोतरी के बावजूद अंतरराष्ट्रीय बाजार में पैदा हुए हालात ने चाय उद्योग की चिंता बढ़ा दी है।सुजीत राय के अनुसार ईरान कांगड़ा चाय के प्रमुख बाजारों में शामिल रहा है,लेकिन वहां युद्ध के हालात बनने से मांग में कमी आई है। इसका सीधा असर चाय के कारोबार और कीमतों पर पड़ा है।पिछले वर्ष की तुलना में इस बार चाय की कीमतों में करीब 9 से 10 रुपये तक की गिरावट आई है।उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां सामान्य होने और नए देशों में खरीदार मिलने से कांगड़ा चाय के निर्यात को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही, फ्रांस और जर्मनी जैसे बाजारों में प्रीमियम किस्मों की मांग तथा अमेरिका और अन्य देशों में नए खरीदारों की तलाश से आने वाले समय में चाय उद्योग के लिए बेहतर संभावनाएं बन सकती हैं।
