शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार की इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय उन्हें अस्थाई नियुक्तियों के जाल में उलझा रही है। कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले युवाओं को नियमित रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब सरकार अपने वादों से पीछे हटकर पांच-पांच साल की अस्थाई नौकरियां बांट रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी संस्थानों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए इंगेजमेंट पॉलिसी-2026 अधिसूचित की है। यह नीति प्रदेश के प्रतिभाशाली और शिक्षित युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।सरकार युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के बजाय उन्हें अनिश्चितता की ओर धकेल रही है। प्रदेश के संसाधनों का इस्तेमाल जनहित के बजाय मित्रों को लाभ पहुंचाने में किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब शासन के शीर्ष पदों से लेकर पुलिस व्यवस्था तक में अस्थाई व्यवस्था दिखाई दे रही है, तो मुख्यमंत्री अब रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को भी इसी राह पर ले जाना चाहते हैं।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस तरह की नियुक्तियां न तो प्रदेश के हित में हैं और न ही युवाओं तथा शिक्षा व्यवस्था के हित में। सरकार को इस नीति पर पुनर्विचार कर इसे तत्काल वापस लेना चाहिए और चुनाव के दौरान किए गए वादे के अनुरूप नियमित रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने चाहिए। सीबीएसई स्कूलों में भी इसी प्रकार की नियुक्तियां की गई हैं, जहां युवाओं को भविष्य की कोई निश्चितता नहीं है। उन्हें 12 महीने के बजाय 11 महीने का वेतन दिया जा रहा है। तकनीकी शिक्षण संस्थानों में पांच साल की अवधि के लिए शिक्षकों की नियुक्ति का फैसला भी सरकार को वापस लेना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास को मजबूत करना बेहद जरूरी है। लेकिन जब इन संस्थानों में पढ़ाने वाले शिक्षकों को ही स्थायी रोजगार नहीं मिलेगा, तो शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्था कैसे मजबूत होगी? सरकार रोजगार देने के नाम पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। मुख्यमंत्री देशभर में जाकर रोजगार के बड़े-बड़े दावे करते हैं और राष्ट्रीय मंचों से नौकरियों के आंकड़े प्रस्तुत करते हैं, लेकिन प्रदेश की जमीनी हकीकत उनके दावों की पोल खोल रही है। युवाओं को अब भाषण नहीं, बल्कि स्थायी रोजगार चाहिए।
सेना के सम्मान में आवाज उठाने वालों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन
जयराम ठाकुर ने शिमला में सेना के सम्मान में प्रदर्शन कर रहे आम नागरिकों के साथ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि सेना के सम्मान में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक ओर संवैधानिक संस्थाओं के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की धमकियां देने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति नरमी दिखाई जा रही है, वहीं दूसरी ओर सेना के सम्मान के लिए प्रदर्शन करने वाले नागरिकों को प्रताड़ित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है। सरकार पुलिस के बल पर जनता की आवाज को दबा नहीं सकती। सेना देश के गौरव और सम्मान का प्रतीक है। उसके सम्मान में आवाज उठाने वाले नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
