करनाल,18 मार्च-करनाल पुलिस ने हन्नी ट्रैप मामले में पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है,इससे पहले पुलिस इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है।पुलिस ने महिलाओं से 60 से 65 हजार रुपए भी रिकवर किए है और वह मोबाइल भी बरामद किया है,जिसमें बुजुर्ग की अश्लील वीडियो बनाई थी और ब्लैकमेल किया था।
ये था पूरा मामला
करनाल सेक्टर-4 चौकी इंचार्ज सलिंद्र कुमार ने बताया कि करनाल निवासी एक 72 वर्षीय बुजुर्ग कपड़ा दुकानदार को पांच-छह महिलाओं ने अपने जाल में फंसाया था।सराफा बाजार में बुजुर्ग की साड़ियों की दुकान है।इनमें से रजनी नाम की महिला बुजुर्ग व्यक्ति को काफी समय से जानती थी, क्याेंकि वह अक्सर दुकान से कपड़ा खरीदती रहती थी।बीते जनवरी महीने के अंतिम सप्ताह में रजनी ने दुकानदार से रिक्वेस्ट की थी कि उसकी जानकार की एक बेटी है उसको अपनी दुकान पर नौकरी दे दो।बुजुर्ग ने नो रिक्वायरमेंट की बात कहकर टाल दिया।लेकिन महिला दुकानदार के पीछे पड़ी रही। बुजुर्ग ने उससे कहा भी था कि वह उसे दुकान पर भेज दे और हम उसका काम देख लेंगे,अगर ठीक लगा तो रख लेंगे,लेकिन महिला ने किराया न होने का बहाना बनाया और 1 फरवरी को बुजुर्ग को अपने घर पर सेक्टर-4 में बुला लिया। वहां पर बुजुर्ग को कमरे में बैठाया गया और उसे पानी दिया गया। पानी में कोई नशीला पदार्थ मिला हुआ था,जिसके बुजुर्ग बेहोश हो गया और उसके आधे कपड़े उतारकर कर एक महिला उसके पास बैठ गई और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। जिसके बाद महिलाओं ने बुजुर्ग को ब्लैकमेल करना शुरू किया।मामले को रफा दफा करने के लिए पांच लाख रुपए की डिमांड की गई थी,लेकिन बाद में 1.5 लाख में डील डन हुई थी।30 हजार रुपए महिलाओं ने पहले ले लिए थे।
बुजुर्ग ने अपनी आप बीती पुलिस को बताई थी और 3 फरवरी को मामले की शिकायत पुलिस को की थी।जिसके बाद बीती 4 फरवरी को तीन महिलाओं को 50 हजार रुपए लेते हुए अरेस्ट कर लिया था।जिन्हे दो दिन के रिमांड पर लिया गया और पूछताछ की गई और उसके बाद आज दो ओर महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।महिलाओं के पास से मोबाइल फोन भी बरामद किया गया,जिसमें इन्होंने वीडियो बनाई थी।इस मामले में एक या दो महिलाएं और है,उनको भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
