अम्बाला, 1 मई — नगर निगम चुनाव के बीच कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी कुलविन्द्र कौर सैनी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए महंगाई को बड़ा मुद्दा बताया। अपने चुनावी जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने कहा कि जैसे ही पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त हुए, उसके तुरंत बाद आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा दिया गया।
कुलविन्द्र कौर सैनी ने आरोप लगाया कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में करीब एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसका सीधा असर छोटे व्यापारियों, ढाबा संचालकों और चाय विक्रेताओं पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, इस तरह के फैसलों से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी और कठिन हो गई है।कुलविन्द्र कौर सैनी ने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता निराश और परेशान है, जिसके चलते अब लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम चुनाव में उन्हें शहरवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और कांग्रेस मजबूती से जीत की ओर बढ़ रही है।जनसंपर्क अभियान के तहत उन्होंने अम्बाला शहर की प्रमुख जगहों जैसे कपड़ा मार्केट, कालका चौक और वार्ड 10 की रविदास बस्ती में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस बार कांग्रेस को सेवा का अवसर दें।उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता राजनीति नहीं बल्कि जनसेवा है। पिछले वर्षों में लोगों ने मौजूदा सरकार के कामकाज को देख लिया है, इसलिए अब समय है कि शहर के विकास और जनता के हित में नया विकल्प चुना जाए।
