शिमला, 4 मार्च -:मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आज अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में होली के अवसर पर आयोजित मिलन समारोह में प्रदेशभर से आए लोगों के साथ रंगों का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी रही और पूरे परिसर में उत्सव व भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और पारस्परिक सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार सभी भेदभाव मिटाकर आपसी प्रेम और एकजुटता को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए।कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक संगीत पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने भी आगंतुकों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं।इस अवसर पर मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, महापौर, महाधिवक्ता, पूर्व जनप्रतिनिधि, नगर निगम पार्षद तथा वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर उत्साहपूर्वक होली मनाई और प्रदेश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प दोहराया।
