Shimla,4 August-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर द्वारा हिमाचल प्रदेश सरकार पर लॉटरी डील के आरोप लगाने के बाद मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने तीखा जवाब दिया है।उन्होंने जयराम ठाकुर को चुनौती दी कि अगर उनके पास इस कथित डील से जुड़े सबूत हैं,तो उन्हें मुख्यमंत्री के सामने पेश करें।
नरेश चौहान ने कहा कि जयराम ठाकुर को बताना चाहिए कि यह डील किसके साथ, कहां और किन लोगों के बीच हुई है और क्या इसमें कोई अधिकारी या सत्ता पक्ष का व्यक्ति शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना तथ्यों के केवल राजनीतिक माहौल बनाने के लिए ऐसे बयान देना ठीक नहीं है।उन्होंने स्पष्ट किया कि लॉटरी शुरू करने का निर्णय कैबिनेट ने लिया है और इसे ऑनलाइन प्रारंभ किया जाएगा।चौहान ने कहा कि लॉटरी की अनुमति केंद्र सरकार देती है और कई भाजपा-शासित राज्यों में यह लंबे समय से चल रही है,जहां से भाजपा को सबसे ज्यादा चंदा मिलता है। ऐसे में भाजपा नेताओं को हिमाचल में इस मुद्दे पर बयान देने से पहले अपने राज्यों में चल रही लॉटरी पर भी सफाई देनी चाहिए।
इसी बीच,चौहान ने बताया कि दिल्ली में आज राहुल गांधी हिमाचल सरकार और संगठन से जुड़े मामलों की समीक्षा बैठक ले रहे हैं।इसमें ढाई साल के कार्यकाल का फीडबैक लिया जाएगा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष सहित कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा होगी।उन्होंने कहा कि आपदा के कारण संगठन के गठन में देरी हुई थी,लेकिन अब जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन होने की सम्भावना है।