शिमला, 16 फरवरी -:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत से पहले कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक विधानसभा परिसर में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने की। बैठक में सत्तापक्ष ने विपक्ष की रणनीति का जवाब देने और विधानसभा में आगे की कार्रवाई तय करने पर चर्चा की। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा होनी है, जिसमें विपक्ष के विरोध की भी उम्मीद जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बीजेपी रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट पर राजनीति कर रही है और यदि सरकार को इस मामले में मदद चाहिए तो बीजेपी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विधायकों को जनहित के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट संविधान के तहत हिमाचल प्रदेश को मिलने वाला अधिकार है और इसे बंद नहीं किया जा सकता।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि विधानसभा में रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट को लेकर होने वाली चर्चा में राजनीतिक हंगामा देखने को मिल सकता है। विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच इस मुद्दे पर तीखी बहस की संभावना है।
