Shimla,Sanju(TSN)–मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि कांग्रेस आतंकवाद के खिलाफ देशहित में केंद्र सरकार के साथ खड़ी है।उन्होंने कहा,”हमने इस लड़ाई में दो प्रधानमंत्री खोए हैं।पाकिस्तान के खिलाफ लिए गए हर निर्णय में कांग्रेस समर्थन देगी।”
विपक्ष पर सीधा हमला
सीएम ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा,”जब देश दुख में था,तब जयराम ठाकुर नाटी कर रहे थे।उन्हें कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले आत्मचिंतन करना चाहिए। मीडिया में बने रहने के लिए वह गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी कर रहे हैं।”
पर्यटन में सुधार और कर्मचारियों की भलाई पर ध्यान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य पर्यटन विकास निगम कई वर्षों बाद मुनाफे में आया है,जो सरकार की सकारात्मक नीतियों का परिणाम है।उन्होंने कहा कि जयराम सरकार की नीतियों ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को कमजोर किया था।वर्तमान सरकार न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देने में जुटी है,बल्कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है।सरकार अब सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पूर्ण कम्युटेशन देने और सेवानिवृत्ति आयु में संभावित वृद्धि जैसे प्रस्तावों पर विचार कर रही है।ये मुद्दे आगामी कैबिनेट बैठक में चर्चा के लिए लाए जाएंगे।