Shimla,Sanju TSN):देश में हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं के बाद केंद्र सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। दिल्ली में आज एक के बाद एक अहम सुरक्षा बैठकें हो रही हैं,जिनमें पाकिस्तान के खिलाफ कठोर कदम उठाने पर विचार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना को स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने की छूट दे दी है,जिससे संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में बड़ा कदम उठाया जा सकता है।
“अबकी बार सबक सिखाना तय”– जयराम ठाकुर
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान ने इतिहास से कोई सीख नहीं ली है। 1965, 1971 और कारगिल युद्ध के बावजूद वह आतंक फैलाने से बाज नहीं आ रहा। ठाकुर ने स्पष्ट किया कि इस बार भारत का जवाब ऐसा होगा जिसे पाकिस्तान लंबे समय तक याद रखेगा। उन्होंने पहलगाम जैसे आतंकी हमलों को पाकिस्तान की नापाक साजिश बताया और कहा कि इससे वह एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेनकाब हुआ है।
कांग्रेस पर ‘पाक-परस्ती’ के आरोप
जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं के बयानों को लेकर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट के कारण कांग्रेस को देशभर में आलोचना का सामना करना पड़ा,जिसे बाद में हटाना पड़ा। ठाकुर का कहना था कि ऐसे बयान राष्ट्रीय छवि को धूमिल करते हैं और देश की एकता को कमजोर करते हैं।
हिमाचल सरकार को भी घेरा
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को यह स्पष्ट करना चाहिए कि क्या उनके मंत्री सेना और देश की भावनाओं के खिलाफ बयानबाज़ी में शामिल हैं।उन्होंने मंत्रियों चंद्र कुमार और जगत सिंह नेगी के बयानों को देशविरोधी बताया और मुख्यमंत्री से जवाबदेही की मांग की।
