रोहतक :चन्द्रिका ( TSN)-:कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने लोकसभा चुनाव के लिए रोहतक लोकसभा क्षेत्र से टिकट मिलने की स्थिति में राज्यसभा से इस्तीफा देने से फिलहाल इंकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भी अनेक राज्यसभा सदस्य , लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन किसी ने भी इस्तीफा नहीं दिया है। ऐसे में भाजपा को उनसे इस बारे में सवाल पूछने का अधिकार नहीं है।
रोहतक के भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा पर साधा निशाना
दीपेंद्र हुड्डा गुरूवार को रोहतक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस हाईकमान रोहतक लोकसभा क्षेत्र से उन्हीं को टिकट देगी। उन्होंने कहा कि रोहतक के मौजूदा भाजपा सांसद व पार्टी उम्मीदवार अरविंद शर्मा के प्रति लोगों में नाराजगी है। भाजपा सांसद ने अपनी सांसद निधि का पैसा भी खर्च नहीं किया और संसद में भी हाजिरी काफी कम रही है। एक समय तो ऐसा था कि क्षेत्र में अरविंद शर्मा के लापता होने के भी पोस्टर लग गए थे। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य ने लोकसभा चुनाव में हरियाणा में पार्टी उम्मीदवारों की जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा है कि सही समय पर पार्टी अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा में सरकार बदलने का काम भी प्रदेश की जनता करेगी। दीपेंद्र हुड्डा ने एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय यानि ईडी के दुरूपयोग का आरोप लगाया।
