ऊना, राकेश-:हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के तहत गुरुवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपनी गृह पंचायत गोंदपुर जयचंद के वार्ड नंबर-2 में मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में बनाए गए मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के दौरान स्थानीय लोगों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव ग्रामीण विकास और स्थानीय प्रशासन को मजबूत बनाने का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक का वोट गांव और क्षेत्र के भविष्य को तय करने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से निर्भीक होकर मतदान करने तथा योग्य और ईमानदार प्रतिनिधियों का चयन करने का आग्रह किया।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनभागीदारी से ही संभव है और पंचायतें ग्रामीण विकास की रीढ़ होती हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से मतदान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक मतदान प्रतिशत लोकतंत्र की सशक्तता का प्रतीक है।प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी दूसरे चरण के मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
