कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने बुधवार को थानेसर विधानसभा के सेक्टरों और कॉलोनियों में चुनावी यात्रा शुरू की। इससे पूर्व उन्होंने रामनवमी के अवसर पर आजाद नगर स्थित अपने घर और प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर कुरुक्षेत्र के अच्छे भविष्य और देश में सुख शांति की कामना की। इसके बाद डॉ. सुशील गुप्ता ने ई रिक्शा में बैठकर चुनाव प्रचार किया और कुरुक्षेत्र की जनता के हकों की आवाज उठाने का वादा किया।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि अपनी चुनावी यात्रा थानेसर के शांति एनक्लेव से शुरू की। इसके बाद वे शास्त्री मार्केट में लोगों से मिले। वहां से कच्चा घेर मार्केट में लोगों से रूबरू हुए। इसके बाद विवेकानंद कॉलोनी में पहुंचे। यहां से नहर कॉलोनी, सेक्टर-5, सेक्टर-7, मोहन नगर, सेक्टर-2, सेक्टर-7 और लाडवा के गांव लोहारा में लोगों को संबोधित किया ।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि जब देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए “इंडिया” गठबंधन बना तो सरकारी एजेंसियों दुरुपयोग कर अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। देश में लोकसभा चुनावों के वक्त ऐसी कार्रवाई बीजेपी का डर दिखा रही है। आज अरविंद केजरीवाल बेशक जेल में हैं, लेकिन उनकी सोच जनता के बीच है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का कुरुक्षेत्र से एक डरा हुआ प्रत्याशी चुनाव लड़ रहा है। बीजेपी को कोई प्रत्याशी नहीं मिला तो नवीन जिंदल को ईडी का डर दिखा कर उम्मीदवार बना दिया। जिस व्यक्ति को खुद बीजेपी ने कुरूक्षेत्र की धरती पर कोयला चोर कहा, उसे ही कुरुक्षेत्र से बीजेपी का प्रत्याशी बना दिया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी आवाज नहीं उठा सकता वो कुरुक्षेत्र की जनता की आवाज क्या उठाएगा। आज कुरुक्षेत्र की जनता को मजबूर उम्मीदवार नहीं मजबूत उम्मीदवार की जरूरत है।
