Shimla,9 October-हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए अब शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का नाम भी प्रमुख दावेदारों में शामिल हो गया है। मीडिया से बातचीत में ठाकुर ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी मंत्री पद के रूप में मिली है, वे उससे संतुष्ट हैं,लेकिन यदि पार्टी हाईकमान उन्हें अध्यक्ष की भूमिका सौंपता है तो वे उसके लिए भी तैयार हैं।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीति “एक व्यक्ति, एक पद” की है, और अगर उन्हें अध्यक्ष बनाया जाता है, तो वे केवल एक ही जिम्मेदारी निभाना पसंद करेंगे।
गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस इस समय संगठनात्मक ढांचे के अभाव में काम कर रही है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का कार्यकाल काफी पहले समाप्त हो चुका है।ऐसे में पंचायत चुनावों से पहले नए अध्यक्ष की नियुक्ति की संभावना बढ़ गई है।वहीं,मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक की जानकारी देते हुए मंत्री ठाकुर ने बताया कि अगले शैक्षणिक सत्र से प्रदेश के 100 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 84 स्कूलों की पहचान की जा चुकी है जो सीबीएसई मानकों पर खरे उतरते हैं, जबकि शेष 16 स्कूलों की कमियां जल्द दूर कर ली जाएंगी।