Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के बीच शुष्क मौसम का दौर लगातार बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बीते कई दिनों से मौसम साफ है, जिसका सीधा असर दिन के तापमान पर देखने को मिल रहा है। ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
हालात ऐसे हैं कि 15 दिसंबर को सोलन में दिसंबर महीने का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। सोलन में अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो इस मौसम के लिहाज से असामान्य माना जा रहा है। इससे पहले दिसंबर में सोलन का सर्वाधिक तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक है। इसी तरह कल्पा में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। प्रदेश के निचले इलाकों में भी तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ऊपर बना हुआ है।मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उन्होंने लोगों से सुबह और रात के समय सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि, प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि 20 दिसंबर से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 20 दिसंबर की देर रात एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 21 दिसंबर तक प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। विशेष रूप से चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बर्फबारी के आसार हैं, जबकि कांगड़ा जिले के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
