Faridabad,25 December-:फ़रीदाबाद के गांव बडोली और पहलादपुर में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) की कार्रवाई के विरोध में पिछले 21 दिनों से चल रहा गांव बचाओ संघर्ष समिति का धरना गुरुवार को समाप्त हो गया। राज्य मंत्री राजेश नागर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन वापस लेने का फैसला किया।
धरने में शामिल ग्रामीण गुरुवार को राज्य मंत्री राजेश नागर के निवास स्थान पर पहुंचे, जहां उनकी मंत्रियों के साथ विस्तार से बातचीत हुई। बैठक के दौरान राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि वर्ष 2009 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गांव बडोली और पहलादपुर की कुछ जमीनों का अधिग्रहण किया गया था। इस अधिग्रहण को लेकर न्यायालय में मामला भी चला और जिन जमीनों का मुआवजा अब तक लंबित था, वह अब संबंधित जमीन मालिकों और प्लॉट धारकों को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस विषय में उच्च अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है और जल्द ही स्थायी समाधान निकाला जाएगा।
राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि विधायक बनने के बाद उन्होंने सबसे पहले गांव बडोली को गोद लिया था और तब से गांव में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया है और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। चूंकि गांव बडोली नगर निगम क्षेत्र में आता है, इसलिए इस विषय में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से भी समन्वय किया गया।कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फोन के माध्यम से ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि गांव को किसी भी स्थिति में नहीं तोड़ा जाएगा। जिन लोगों का पैसा बकाया है, उन्हें ब्याज समेत पूरी राशि लौटाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री और उच्च अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है।वहीं गांव के लोगों का कहना है कि फरीदाबाद के दोनों मंत्रियों द्वारा दिए गए स्पष्ट और भरोसेमंद आश्वासनों के बाद ही धरना समाप्त करने का निर्णय लिया गया है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी सभी समस्याओं का समाधान होगा।मंत्रियों के आश्वासन के बाद 21 दिनों से चल रहा गांव बचाओ संघर्ष समिति का धरना पूरी तरह समाप्त कर दिया गया।
