Kurukshetra,25 September- भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने धान की खरीद और उठान में हो रही अनियमितताओं को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर जाम लगा दिया। शाहाबाद अनाज मंडी में नमी के नाम पर कट लगाए जाने और धान की उठान प्रक्रिया रुकी रहने से नाराज़ किसानों ने बीच सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया।किसानों का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होता,तब तक जाम जारी रहेगा।
धान की खरीद और उठान को लेकर सरकार पर लगाया लापरवाही का आरोप
बीकेयू चढूनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि,सरकार से हमारी मांग थी कि धान की खरीद 22 सितंबर से शुरू हो। कागजों में तो सरकार ने खरीद शुरू दिखा दी है, लेकिन मंडियों में वास्तव में खरीद नहीं हो रही। थोड़ी-बहुत खरीद हो भी रही है तो उसमें कट लगाए जा रहे हैं और उठान भी नहीं हो रहा। राइस मिलर और अधिकारी मिलकर किसानों को परेशान और लूटने का काम कर रहे हैं। अगर मिलरों को कोई दिक्कत है तो पहले ही सरकार को बतानी चाहिए थी।उन्होंने साफ कहा कि जब तक सरकार कोई ठोस आश्वासन और अमल नहीं करती,तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं किसान नेता मामू माजरा ने आरोप लगाया कि,हर साल सीजन शुरू होते ही सरकार किसानों के साथ यही खेल करती है।किसानों ने धान का रजिस्ट्रेशन करवाया था,लेकिन पोर्टल पर सही तरीके से एंट्री नहीं हो रही,जिसके कारण खरीद रुक गई है।नमी के नाम पर कट लगाकर खरीदी जा रही धान का उठान भी नहीं हो रहा।इससे किसान बेहद परेशान हैं।सरकारें चाहे कोई भी हों, सब किसानों को लूटने का ही काम करती हैं।