मंडी,धर्मवीर-:आईआईटी मंडी के छह प्रशिक्षुओं को लेकर मंडी शहर की ओर आ रही एक अल्टो टैक्सी में बुधवार शाम अचानक आग लग गई।घटना कटिंडी के पास पेश आई,जहां आग की लपटें उठती देख टैक्सी चालक और उसमें सवार सभी छह प्रशिक्षु तुरंत वाहन से बाहर निकल आए।उनकी सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है,हालांकि आग इतनी भयानक थी कि टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो गई।जानकारी के अनुसार,मंडी शहर की पैलेस कॉलोनी निवासी अंकित की अल्टो टैक्सी को उसका भाई राहुल चला रहा था। बताया जा रहा है कि आईआईटी मंडी प्रबंधन ने इस टैक्सी को हायर किया था।बुधवार को राहुल आईआईटी मंडी के कमांद परिसर से छह प्रशिक्षुओं को लेकर मंडी शहर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान शाम करीब सवा चार बजे कटिंडी से लगभग एक किलोमीटर दूर अचानक टैक्सी में आग भड़क उठी।
वाहन से आग की लपटें उठती देख चालक राहुल ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत टैक्सी रोकी। इसके बाद चालक समेत सभी छह प्रशिक्षु सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने पूरी टैक्सी को अपनी चपेट में ले लिया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।टैक्सी में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग मंडी की टीम दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया,लेकिन तब तक टैक्सी पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे में वाहन को भारी नुकसान हुआ है।अग्निशमन केंद्र मंडी के फायरमैन प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने से टैक्सी पूरी तरह जलकर राख हो गई है।वहीं,पधर थाना की पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में टैक्सी के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।हालांकि,आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है।राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग वाहन से बाहर निकल गए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
