सोलन : योगेश शर्मा ( TSN)- मंगलवार को सोलन में प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि इस वक्त देश में एक अच्छा माहौल है जो की इंडी गठबंधन की ओर इशारा कर रहा है. उन्होंने कहा कि आज भाजपा बैक फुट पर आ चुकी है और कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।उन्होंने कहा कि अभी तक दो चरणों के रुझान कांग्रेस के पक्ष में नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस कुरीतियों के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरी है और कांग्रेस के साथ इस वक्त देश की जनता भी है।
धनीराम शांडिल ने कहा कि भाजपा जितना मर्जी EVM के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास कर ले लेकिन आज लोगों में भी रोष है और लोग EVM को भी तोड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता को संकल्प लेने की जरूरत है कि किस पार्टी की नीति साफ है और किसके साथ उन्हें जाना है।वहीं उन्होंने सांसद सुरेश कश्यप के कार्यकाल पर भी तंज कसते हुए कहा कि 5 साल में सांसद कहीं भी नहीं दिख पाए हैं और जमीनी स्तर पर वह कुछ भी नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार की नीतियां प्रदेश की जनता तक पहुंच चुकी है और आज प्रदेश में भी माहौल भाजपा के खिलाफ है।
