Ambala,16 May:-अंबाला में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है और हीट वेव के कारण आम जन का दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ज़रूरी काम से ही बाहर निकलने वाले लोग खुद को सिर और चेहरे पर कपड़ा बांधकर तेज धूप से बचा रहे हैं।
हाल के सप्ताहों में मौसम अपेक्षाकृत ठीक बना हुआ था, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ की अनुपस्थिति और गर्म हवाओं के कारण गर्मी ने तीव्र रूप ले लिया है।शुक्रवार को दर्ज हुए तापमान ने इस बात की पुष्टि कर दी कि गर्मी अब अपने चरम पर है।शहर के बाजारों में दिखाई देने वाले लोग अपने साथ पानी की बोतलें और ठंडे पेय पदार्थ रखते नजर आए। रूबी,जो अपने पिता के साथ खरीदारी करने आई थीं,ने कहा,”धूप इतनी तेज़ है कि जूस पीकर ही बाहर रह पाना संभव हो पा रहा है।”
अमित,एक स्थानीय छात्र,ने सुझाव दिया कि “हर किसी को ठंडा पानी अपने साथ रखना चाहिए और पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करनी चाहिए।” वहीं पवन जयदीप, एक अन्य स्थानीय निवासी ने बताया कि वह केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलते हैं और बाकी लोगों को भी ऐसा ही करने की सलाह दी।
