Shimla,Sanju(TSN)–पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की सटीक कार्रवाई के बाद पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।हिमाचल प्रदेश भी हाई अलर्ट पर है।राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को अचानक अपना बंजार दौरा रद्द करते हुए शिमला में एक आपात उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
मुख्यमंत्री का बयान:”सेना के पराक्रम पर हिमाचल को नाज़”
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा,“भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ जो निर्णायक कदम उठाया है,वह साहस और रणनीति का अद्भुत उदाहरण है।हिमाचल की जनता सेना के साथ पूरी एकजुटता में खड़ी है।यह राज्य हमेशा से देशभक्ति और बलिदान की मिसाल रहा है।उन्होंने बताया कि सेना की यह कार्रवाई हाल ही में पहल गांव में हुए आतंकी हमले की प्रतिक्रिया में की गई,जिसमें कई निर्दोष पर्यटकों की जान चली गई थी।राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
राज्य में सुरक्षा इंतज़ाम सख्त किए गए:
सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त और निगरानी तेज।
सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे अफवाहों पर विशेष नजर।
खुफिया एजेंसियों को तकनीकी मदद और संसाधनों से लैस किया गया।
स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा की समीक्षा जारी।
शिमला में आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन आज शाम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से संयम और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर हर संभावित खतरे से निपटने को तैयार हैं।