शिमला, संजु चौधरी ( TSN)-नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश की महिला वॉलीबॉल टीम ने हरियाणा को 3-0 से हराकर बेस्ट 8 में जगह बना ली है। यह जानकारी हिमाचल महिला टीम की कोच संतोषी रेक्टा ने दी। उन्होंने बताया कि हमारी लड़कियाँ बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और उम्मीद है कि आगे भी ऐसा ही प्रदर्शन जारी रहेगा।इस बीच, पुरुष वर्ग की टीम भी बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही है। हिमाचल पुरुष वॉलीबॉल टीम ने पांच में से तीन मैच जीत लिए हैं, जिसमें उन्होंने अरुणाचल प्रदेश और दमन दीयु को हराया। यह जानकारी वॉलीबॉल कोच तापे राम ने दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल की पुरुष और महिला वॉलीबॉल टीमें बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं।
कोचिंग कैम्प लगते तो करते अच्छा प्रदर्शन
खिलाड़ियों ने कहा कि अगर कोचिंग कैम्प लगते तो हम और अच्छा प्रदर्शन करते और हमारी टीम ये दो मैच भी नहीं हारती। यह प्रतियोगिता जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेली जा रही है और 13 जनवरी तक चलेगी।इस प्रतियोगिता में देशभर की 62 टीम हिस्सा ले रही हैं और भारतीय वॉलीबॉल संघ की एडहॉक कमेटी द्वारा इसका आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से आए 500 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इस टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग की 34 और महिला वर्ग की 28 टीमें भाग ले रही हैं।इस टूर्नामेंट के आधार पर ही उन टीमों का फैसला होगा जो 28 जनवरी से 14 फरवरी तक उत्तराखंड में होने वाली आगामी 38वीं राष्ट्रीय खेलों में हिस्सा लेंगे।
