पलवल, 18 फरवरी-:हरियाणा में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बुधवार को होडल के विधायक हरेंद्र सिंह के साथ उप तहसील हसनपुर के गांव सतवागढ़ी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने उत्तर प्रदेश सीमा तक बन रहे पुल व संपर्क मार्ग का जायजा लेते हुए कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के सीईओ जितेंद्र कुमार, एसडीएम बलीना, सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र वशिष्ठ, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रितेश, तहसीलदार दलबीर दुग्गल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।उपायुक्त ने हसनपुर में चल रही अन्य विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की और गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। दौरे की शुरुआत उन्होंने हसनपुर विश्राम गृह में जनसुनवाई से की, जहां लोगों ने 84 कोस ब्रज परिक्रमा मार्ग को सुविधाजनक बनाने की मांग रखी।उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि लगभग 37 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर शौचालय, पेयजल और शेड की समुचित व्यवस्था कराई जाएगी।इसके बाद उपायुक्त और विधायक ने निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र को तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। साफ-सफाई, बिजली-पानी और मरीजों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया।
गांव सतवागढ़ी में यमुना पुल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण एजेंसी से विस्तृत रिपोर्ट तलब की और कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इस परियोजना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा और आवागमन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा।वहीं विधायक हरेंद्र सिंह ने कहा कि सतवागढ़ी का यमुना पुल उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसकी स्वीकृति उनके पिता ने दिलवाई थी। अब इसे पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि परिक्रमा करने वालों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रूप से पैंटून पुल का निर्माण भी कराया जा रहा है.क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब जल्द पूरी होने जा रही है।
