चम्बा : मंजूर पठान ( TSN)-अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला पहुंची, जहां उन्होंने चंबा के चौगान से भाजपा पर जमकर हल्ला बोला .उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल में बेरोजगारी ने 45 साल के सब रिकॉर्ड ध्वस्त किए हैं. उन्होंने कहा कि आज बेरोजगार युवाओं के पास रोजगार नहीं है. इसका जिम्मेवार कौन है. देश के 70 करोड़ युवा बेरोजगार हैं और 30 लाख सरकारी नौकरियों के पद रिक्त पड़े हुए हैं उन्हें क्यों नहीं भरा गया.
कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना होगी बंद
प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी युवाओं और आम लोगों की बात नहीं करते हैं, लेकिन विधायकों को तो खरीद लेते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही अग्निवीर योजना को बंद किया जाएगा. इसके अलावा 30 लाख नौकरियां दी जाएगी. प्रियंका गांधी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हुई आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने 1 रुपया भी नहीं दिया।प्रियंका गांधी ने चंबा के चौगान से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार देश में बदलाव होने जा रहा है और इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है. उन्होंने कहा कि 10 सालों में हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए मोदी ने क्या किया,वह इस बात को स्पष्ट करें.उन्होंने कहा कि चंद मित्रों को फलने फूलने दिया और देश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से महरूम रखा गया.जब कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो युवाओं को रोजगार के साथ-साथ महिलाओं को विशेष रूप से तवज्जो दी जाएगी.
