ऊना, राकेश -:उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र में समनाल से पूबोवाल चौक वाया बालीवाल सड़क मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। लगभग 15.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सड़क मार्ग क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह सड़क समनाल को पूबोवाल चौक से जोड़ते हुए बालीवाल मार्ग के माध्यम से औद्योगिक क्षेत्र तक बेहतर संपर्क उपलब्ध कराएगी। खास बात यह है कि यह मार्ग सीधे हरोली औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़ता है, जिससे उद्योगों के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक व्यवस्था अधिक सुगम हो जाएगी। स्थानीय लोगों को भी इससे आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
सड़क परियोजना के शिलान्यास के बाद उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने पोलियाँ में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर चल रहे लेवलिंग कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के उपरांत उद्योग मंत्री ने लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग तथा सिगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। साथ ही टेंडर प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने पर बल दिया।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। बल्क ड्रग पार्क जैसी परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देंगी और क्षेत्र में निवेश के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगी।
