हरियाणा-(जसकिरन-) हरियाणा में अपनी मांगों को लेकर हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने एक बार फिर से चक्का जाम कर दिया है। यह चक्का जाम मात्र एक दिन का है लेकिन रोडवेज कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कड़ाके की ठंड में लोग गंतव्य स्थान तक पहुंचने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर 24 जनवरी यानी आज रोडवेज के सभी कर्मचारी 24 घंटे की सांकेतिक हड़ताल पर चले गए हैं। कड़ाके की ठंड और कोहरे के बीच बस स्टैंड पर हड़ताली कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हरियाणा रोडवेज साँझा मोर्चा के जिला प्रधान महीपाल ने बताया कि सरकार ने हमारी मांगों को तो मान लिया है लेकिन अभी तक परिपत्र जारी नहीं किया गया है। जिसमे रोडवेज कर्मचारी और सरकार के बीच सहमति बनी है। उन्होंने रोडवेज परमिट वाली प्राइवेट बसों की बढ़ती संख्या को लेकर भी चिंता जाहिर की है। महिपाल ने कहा कि इससे आम जनता को काफी नुकसान है क्योंकि जो सुविधा हरियाणा रोडवेज की बसों में मिलती है वह सुविधा परमिट वाली प्राइवेट बसों में नहीं मिलेगी। हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा के प्रधान ने लोगों से क्षमा मांगी और कहा कि लोगों की परेशानी बढ़ाना हमारा मकसद नहीं है बल्कि यह लड़ाई हम जनता के लिए लड़ रहे हैं।
वही सांझा मोर्चा के सदस्य राजेश मलिक ने कहा कि हम अपनी जिंदगी के 35 साल हरियाणा रोडवेज को देते हैं लेकिन सरकार फिर भी हमें पेंशन नहीं देती। उन्होंने नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि विधायक या मंत्री एक बार बन जाए तो उनकी जिंदगी भर की पेंशन बंद जाती है। हम सरकार के वादा खिलाफी को लेकर आज चक्का जाम कर रहे हैं। अगर सरकार आगे भी नहीं मांगी तो हम आगे की रणनीति अख्तियार करेंगे।