दिल्ली (एकता): हैथम बिन तारिक ओमान के सुल्तान और प्रधानमंत्री हैं। वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के निमंत्रण पर आज 3 दिवसीय भारत दौरे पर आए। सूत्रों के मुताबिक अरब दुनिया के सबसे पुराने स्वतंत्र राज्य ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक पहली बार यहां पहुंचे हैं। वहीं शनिवार सुबह जैसे ही वह दिल्ली पहुंचे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बताया जा रहा है कि दिल्ली के हैदराबाद हाउस में उनके बीच बातचीत होगी। इस दौरान कई बड़े समझौते हो सकते हैं। हालांकि यह यात्रा भारत और ओमान के बीच की मित्रता और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगी। सुल्तान दोपहर के भोज की मेजबानी भी करेंगे। वहीं उनका केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने भी स्वागत किया। इस दौरान दोनों देशों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
दोनों देशों के संबंध होंगे मजबूत
जानकारी के मुताबिक इसी साल विदेश राज्यमंत्री वी मुरलीधरन ओमान दौरे पर गए थे। अब ओमान के सुल्तान भारत दौरे पर पहुंचे हैं। बता दें कि ओमान ने 150 से ज्यादा समूह बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लिया। जी20 देशों की मंत्रिस्तरीय बैठकों में ओमान के 9 मंत्रियों ने भाग लिया था।