अम्बाला, 9 मार्च-:मार्च की शुरुआत में ही बढ़ती गर्मी का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। अंबाला में तापमान 33 डिग्री के पार पहुंच गया है, जिसके चलते अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। डॉक्टरों का कहना है कि बदलते मौसम में लोगों को खान-पान और स्वास्थ्य का खास ध्यान रखने की जरूरत है, क्योंकि लापरवाही से डिहाइड्रेशन और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
अंबाला में इस बार मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। तापमान 33 डिग्री से ऊपर पहुंचने के कारण आम जनजीवन भी प्रभावित होता नजर आ रहा है। बढ़ती गर्मी के साथ अस्पतालों की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।नागरिक अस्पताल अंबाला के डॉक्टरों का कहना है कि आमतौर पर मार्च के महीने में इतनी गर्मी नहीं होती, लेकिन इस बार मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।डॉक्टरों की सलाह है कि लोग ज्यादा तला हुआ खाना खाने से बचें और बाजार में खुले में बिक रहे जूस या कटे हुए फलों का सेवन न करें, क्योंकि इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए नियमित रूप से नींबू पानी, नारियल पानी, फलों का जूस और अन्य तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए, ताकि डिहाइड्रेशन से बचाव हो सके।डॉक्टरों ने यह भी बताया कि इन दिनों हेपेटाइटिस, उल्टी और लूज़ मोशन जैसे मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जो अक्सर गर्मी और दूषित खाने-पीने की वजह से होते हैं। इसलिए लोगों को तेज धूप में जाने से बचना चाहिए और हल्के व ढीले कपड़े पहनने चाहिए।
डॉक्टरों के अनुसार इस मौसम में फंगल इंफेक्शन के मामले भी बढ़ जाते हैं, इसलिए साफ-सफाई और ढीले कपड़े पहनना जरूरी है, ताकि त्वचा संबंधी बीमारियों से बचाव किया जा सके।
