कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)-जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली में इन दिनों जहां विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है। तो विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन लेफ्ट बैंक के सैकड़ों महिला मंडलों के द्वारा कुलवी नाटी का आयोजन किया गया। जिसमें हजारों की संख्या में कुलवी परिधान पहन कर महिलाओं के द्वारा नृत्य किया गया। लिहाजा मनाली का माल रोड पारंपरिक वेशभूषा में सराबोर नजर आया। विंटर कार्निवाल के दूसरे दिन कुल्लवी नाटी में लेफ्ट बैंक मनाली की महिला मंडलों की 1 हजार से अधिक महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पट्टू व धाठु में कुल्लवी नाटी में हिस्सा लिया।
मनाली घूमने आये सैलानियों ने भी लिया नाटी का मजा
मनाली के माल रोड में कुल्लवी परिधानों में सजकर महिलाओं ने शानदार नृत्य किया। इस दौरान देवभूमि की परंपरा का बखूबी प्रदर्शन हुआ और हजारों लोगों ने इसका लुत्फ उठाया। विंटर कार्निवल के मंच से कुल्लूवी गायकों ने अपनी टीम के साथ कुल्लवी गीत गाकर सभी महिलाओं को थिरकने पर विवश किया। वहीं, इस महानाटी को देखकर मनाली पहुंचे हजारों पर्यटक हिमाचली संस्कृति के दीवाने हो गए।खासकर कुल्लवी पट्टू व धाठु में सुसज्जित महिलाएं जब माल रोड में अपनी प्राचीनतम संस्कृति व सांस्कृतिक विरासत को लेकर आईं तो यहां पहुंचे पर्यटक पहाड़ी सुंदरता के दीवाने हुए और महिलाओं के साथ नाटी में थिरकने लगे। मनाली के माल रोड पर जहां महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर बेहतरीन प्रदर्शन किया तो वहीं, मनु रंगशाला में पुरातन गीतों की झड़ी लगाकर सबका मन मोह लिया।
विंटर कार्निवल में जब महिलाएं अपने पारंपरिक परिधानों और आभूषणों के साथ माल रोड पर उतरीं तो पंडाल में बैठे सैकड़ों लोगों ने महिलाओं का तालियां बजाते हुए यहां की प्राचीनतम वेशभूषा को सलाम किया।वहीं, महिलाओं ने पौराणिक आभूषणों में चंद्र हार, बालू, बाजू बंद, पंजेब, तीन फूल वाले पट्टू, पहनकर कुल्लवी नृत्य किया। इसके अलावा, मनु रंगशाला में अन्य कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
