धर्मशाला, राहुल -:धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में मंगलवार को खेले जा रहे आईपीएल क्वालीफायर मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले इस अहम मुकाबले के लिए दोपहर तीन बजे से ही दर्शकों ने स्टेडियम पहुंचना शुरू कर दिया था। मैदान के बाहर दोनों टीमों की जर्सी पहने फैंस की भीड़ नजर आई, जबकि युवा दर्शकों में विराट कोहली और शुभमन गिल को लेकर खासा क्रेज देखने को मिला।
स्टेडियम पहुंचे कई दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के समर्थन में नारे लगाते और तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दिए। हालांकि अधिकतर फैंस विराट कोहली के समर्थक थे, लेकिन मैच के नतीजे को लेकर दर्शकों की राय अलग-अलग रही। कई क्रिकेट प्रेमियों का मानना था कि गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी टीम को बढ़त दिला सकती है।
मेरठ से परिवार के साथ मैच देखने पहुंचे नमन भाटिया ने कहा कि वे खास तौर पर गुजरात टाइटंस का समर्थन करने धर्मशाला आए हैं। उनका कहना था कि गुजरात की गेंदबाजी काफी मजबूत है और टीम शानदार प्रदर्शन करेगी। वहीं जम्मू से आए नितिन आनंद ने बताया कि वे विराट कोहली के बड़े फैन हैं और उन्हें बल्लेबाजी करते देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे हैं। हालांकि उन्होंने भी उम्मीद जताई कि इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस जीत दर्ज कर सकती है।क्वालीफायर मुकाबले को लेकर धर्मशाला में क्रिकेट का रंग पूरी तरह चढ़ा नजर आया। मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम का माहौल रोमांच और उत्साह से भर गया था।
