शिमला, 19 मार्च -:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान दूसरे दिन सदन के भीतर और बाहर राजनीतिक तनाव देखने को मिला। विपक्षी दल भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए अवैध वन कटान और खनन को लेकर गंभीर आरोप लगाए।
विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों ने नारेबाजी करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में माफिया गतिविधियां बढ़ रही हैं और इन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है।उन्होंने सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि अनुमति से कहीं अधिक पेड़ों की कटाई की गई और साक्ष्यों को छिपाने के प्रयास भी किए गए। विपक्ष का कहना है कि निजी भूमि के नाम पर संरक्षित वनों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है और अवैध खनन से राज्य को भारी राजस्व हानि हो रही है।विपक्ष ने सरकार से इस मुद्दे पर जवाब मांगा और चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक यह मामला सदन से लेकर सड़क तक उठाया जाता रहेगा।
