Shimla, 15 January-:भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में कहा कि वीबी–जी राम जी योजना सिर्फ रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों में आधारभूत ढांचा, आजीविका और टिकाऊ विकास से जोड़कर ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने का अवसर है।
रेखा वर्मा ने बताया कि मनरेगा योजना में 100 दिन की रोजगार गारंटी थी, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। इसके विपरीत वीबी–जी राम जी योजना में 125 दिन की कानूनी गारंटी होगी और रोजगार सीधे गांवों के विकास कार्यों से जुड़ा रहेगा। ग्राम स्तर पर तैयार विकास योजना ब्लॉक और जिला स्तर से पीएम गति शक्ति प्लेटफॉर्म से जुड़ेगी, जिससे रोजगार और समग्र विकास दोनों सुनिश्चित होंगे।उन्होंने योजना की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि इसमें बायोमेट्रिक उपस्थिति, डिजिटल मॉनिटरिंग, समयबद्ध भुगतान और छह महीने में समीक्षा जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। समय पर भुगतान न होने पर मुआवजे का भी प्रावधान है।
रेखा वर्मा ने यह भी बताया कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए केंद्र-राज्य का फंडिंग अनुपात 90:10 है, जबकि अन्य राज्यों में 60:40 है। यह केंद्र सरकार की पहाड़ी राज्यों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि योजना के लिए लगभग ₹1.5 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है, जो ग्रामीण आधारभूत ढांचा, जल और पर्यावरण संरक्षण तथा आजीविका पर केंद्रित है। बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक व्यय बढ़ाया गया है ताकि निगरानी और ऑडिट मजबूत हो।रेखा वर्मा ने कहा कि यह योजना किसी राजनीतिक एजेंडे के लिए नहीं, बल्कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के लिए बनाई गई है। भाजपा इस योजना को हर गांव तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान जारी रखेगी।
